रायपुर 14 जून 2026: नगरीय प्रशासन विभाग में बड़ा फेरबदल:18 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले, रायपुर जोन कमिश्नर भी बदले गए
 

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के कई नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पदस्थ 18 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 7 दिनों के भीतर नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, रायपुर नगर निगम के जोन आयुक्त अरुण कुमार ध्रुव को मुख्य नगर पालिका अधिकारी बनाकर दंतेवाड़ा भेजा गया है। वहीं, दंतेवाड़ा में पदस्थ वी.के.एस. पलदास को नगर पंचायत भोपालपटनम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
 
तबादला सूची में कवर्धा, धमधा, दीपका, गौरेला, चांपा, आरंग, कोंडागांव और दंतेवाड़ा समेत कई नगरीय निकाय शामिल हैं। रोहित कुमार साहू को कवर्धा से धमधा, राजेश गुप्ता को दीपका से गौरेला और सचिन गुप्ता को बेरला से कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है। शीतल चंद्रवंशी को आरंग से चांपा भेजा गया है।
 
अंबिकापुर, जामुल और बलौदाबाजार में भी बदलाव
आदेश में अंबिकापुर, जामुल, धर्मजयगढ़, बड़ी करेली, बेरला, केशकाल और बलौदाबाजार में पदस्थ अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। कुछ अधिकारियों को उनके मूल पदों पर वापस भेजा गया है, जबकि कुछ को प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की नई जिम्मेदारी दी गई है।
 
7 दिन में जॉइन नहीं किया तो रुकेगा वेतन
 
नगरीय प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि, सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्तमान पदस्थापना स्थल से कार्यमुक्त होकर 7 दिनों के भीतर नई जगह कार्यभार ग्रहण करना होगा। तय समय में जॉइनिंग नहीं करने पर पुराने स्थान से वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। यदि वेतन निकाला जाता है तो संबंधित नियंत्रण अधिकारी के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह तबादला आदेश जारी किया गया है। आदेश नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के उप सचिव द्वारा जारी किया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, आबकारी कमिश्नर और अपर आयुक्त को अवमानना नोटिस
हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, आबकारी कमिश्नर और अपर आयुक्त को अवमानना नोटिस
बिलासपुर। हाईकोर्ट के आदेश का तय समय-सीमा में पालन नहीं करने के मामले में आबकारी विभाग के कमिश्नर पीएस एल्मा...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.