बिलासपुर/
 
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला धुरी पारा इलाके में महिलाओं और युवतियों के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के चलते इलाके के कुछ आदतन बदमाशों ने मोहल्ले में उत्पात मचाया और महिलाओं के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों को गाली-गलौज और मारपीट करते हुए साफ देखा जा सकता है।
 
पुलिस पर गंभीर आरोप, शिकायत दर्ज करने से इनकार
 
बदमाशों के आतंक से डरी-सहमी महिलाओं ने इस घटना की शिकायत सिविल लाइन पुलिस से की, लेकिन पुलिस द्वारा मामला दर्ज न करने पर महिलाएं थाने का घेराव करने पहुंच गईं। इसके बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की, जिससे आक्रोशित होकर महिलाएं ट्रैक्टर में बैठकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गईं और वहां जमकर प्रदर्शन किया।
 
एसपी कार्यालय में हंगामा, पुलिस ने दोबारा थाने बुलाया
 
करीब दो दर्जन महिलाएं एसपी कार्यालय में आधे घंटे तक विरोध प्रदर्शन करती रहीं। जब यह खबर फैली, तो सिविल लाइन थाने से दो पुलिसकर्मियों को एसपी कार्यालय भेजा गया। उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं को दोबारा सिविल लाइन थाने आने के लिए कहा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने कहा, "एसपी तुम्हारी समस्या का समाधान नहीं करेगा।"
 
मुचलके पर आरोपियों को छोड़ा, महिलाओं में डर का माहौल
 
महिलाओं का आरोप है कि टीआई ने उनकी शिकायत दर्ज करने में आनाकानी की, जिसके कारण वे एसपी कार्यालय तक गईं। प्रदर्शन के दबाव में आकर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार तो किया, लेकिन थाने से ही उन्हें मुचलके पर रिहा कर दिया। इस घटना के बाद से महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और भय के साये में जीने को मजबूर हैं।