बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता दुर्गा निर्मलकर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई। इसके बाद शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सकर्रा निवासी दुर्गा निर्मलकर की शादी वर्ष 2022 में ग्राम सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद उसकी दो बेटियां हुईं। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद दुर्गा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उस पर मायके से 1 लाख 65 हजार रुपये लाने का दबाव भी बनाया जा रहा था।

मारपीट के बाद गला घोंटने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को ससुराल में विवाद के दौरान दुर्गा के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान पट्टे से उसका गला दबाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को साड़ी के सहारे कमरे में फंदे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।

पड़ोसियों ने महिला को फंदे पर लटका देखा तो उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा

घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच की मांग की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी के बजाय गला घोंटने से मौत की बात सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या के एंगल से आगे बढ़ाई। पूछताछ के बाद पुलिस ने पति रोहित निर्मलकर, देवर मोहित निर्मलकर और सास ठगिया निर्मलकर को गिरफ्तार किया। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
रायपुर में उठाईगिरी की बड़ी वारदात, कपड़ा कारोबारी की स्कूटी से 10 लाख रुपये पार
रायपुर में उठाईगिरी की बड़ी वारदात, कपड़ा कारोबारी की स्कूटी से 10 लाख रुपये पार
रायपुर। राजधानी रायपुर में उठाईगिरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कटोरा तालाब के पास एक कपड़ा कारोबारी की...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.