बिलासपुर
छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग अप्रैल माह में दोबारा महतारी वंदन योजना के लिए पंजीयन पोर्टल खोल सकता है। इस योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक उम्र की कई महिलाएं पंजीयन की प्रतीक्षा कर रही हैं, लेकिन अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
 
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार जल्द ही नए हितग्राहियों के पंजीयन के लिए पोर्टल खोलने पर निर्णय ले सकती है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के दूसरे या तीसरे सप्ताह में पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे प्रदेश की पात्र महिलाएं योजना का लाभ ले सकेंगी।
 
हाल ही में विधानसभा में भी यह मुद्दा उठा था। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा था कि नए पंजीयन कब शुरू होंगे और गरीब बुजुर्ग महिलाओं को योजना की पूरी राशि क्यों नहीं मिल रही? इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि जल्द ही नए पंजीयन शुरू किए जाएंगे।
 
महिला एवं बाल विकास विभाग ने नए हितग्राहियों को योजना का लाभ देने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। यह प्रस्ताव फिलहाल विचाराधीन है, लेकिन नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही पंजीयन पोर्टल खोलने की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।