रायपुर, 6 जून 2026। राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल से सामने आए एक हैरान कर देने वाले मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए गए एक युवक के शरीर में उस समय हरकत दिखाई दी, जब परिजन उसे अंतिम संस्कार के लिए एंबुलेंस से ले जा रहे थे। युवक के हाथ-पैर हिलते देख परिजन और मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले के देवबलोदा निवासी युवक 3 जून को अपने घर के बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए रायपुर के लोधी पारा चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने युवक की पसलियां टूटने और हालत नाजुक होने की बात कही।
कुछ समय बाद अस्पताल प्रबंधन ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो रहे थे, तभी युवक के शरीर में हलचल दिखाई दी। उसने हाथ-पैर हिलाने शुरू कर दिए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तुरंत युवक को पानी पिलाया और बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) ले जाया गया। हालांकि, बाद में उपचार के दौरान युवक की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
घटना का वीडियो भी परिजनों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में परिजन निजी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल ने बिना पर्याप्त पुष्टि के युवक को मृत घोषित कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस मामले की जांच कर संबंधित अस्पताल और चिकित्सकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में नौकरी का अंतिम पड़ाव, कल 80 अभ्यर्थियों को बुलावा
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में नौकरी का अंतिम पड़ाव, कल 80 अभ्यर्थियों को बुलावा
बिलासपुर। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षकों और अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.