बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के ठिकानों और छिपाए गए डंप के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोने में 33 बिस्किट शामिल हैं, जिनका कुल वजन 330 तोला बताया गया है।

जमीन के नीचे डिब्बों में छिपाकर रखा था सोना और कैश

पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ और पुटरू थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में सोना और नकदी छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान की योजना बनाई और जंगल में तलाशी शुरू की। अभियान के दौरान इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। तलाशी में सोने के 33 बिस्किट और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। सोने और नकदी को टीन के बक्सों तथा स्टील के डिब्बों में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था।

ये खबर भी पढ़ें…
श्रवण यंत्र मिलने से विमला बाई के जीवन में लौटी खुशियों की आवाज, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
श्रवण यंत्र मिलने से विमला बाई के जीवन में लौटी खुशियों की आवाज, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
रायपुर, 29 नवंबर 2026/ शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में किस तरह सकारात्मक बदलाव लाती हैं, इसकी एक...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बीजापुर में अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ रुपये बरामद

पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में माओवादियों के छिपाए गए डंप की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों द्वारा अलग-अलग इलाकों में किए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान पहले भी नक्सलियों के ठिकानों से सोना और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की जा चुकी है। इस ताजा कार्रवाई के बाद जिले में अब तक विभिन्न नक्सली डंप से कुल 12.34 किलोग्राम सोना और करीब 8.24 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। नक्सलियों के आर्थिक नेटवर्क और उनके छिपाए गए संसाधनों पर कार्रवाई के तहत सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।