बिलासपुर l बलरामपुर जिले के लहसुन पाट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, कई अन्य इलाकों में भी बारिश होने की सूचना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना बनी हुई है।
 
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश में सक्रिय टर्फ लाइन (द्रोणिका) और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव के कारण समुद्र से नमी आ रही है, जिससे मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।
 
बारिश के कारण रायपुर में गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।