बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों का अवलोकन करते हुए कहा कि आवेदक की आर्थिक अपराध में प्रथम दृष्टया संलिप्तता परिलक्षित होती है। आर्थिक अपराध की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया।

रामगोपाल अग्रवाल को 8 जुलाई 2026 को एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत गिरफ्तार किया गया था। अभियोजन के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल प्रणाली में बदलकर 25 रुपए प्रति टन के हिसाब से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया गया। रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर समेत कोयला उत्पादक जिलों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपए की अवैध लेवी वसूली गई।

ये खबर भी पढ़ें…
बैलाडीला के पहाड़ पर फिर मंडराया भूस्खलन का खतरा, ऊपरी हिस्से में पड़ी बड़ी दरारें
बैलाडीला के पहाड़ पर फिर मंडराया भूस्खलन का खतरा, ऊपरी हिस्से में पड़ी बड़ी दरारें
दंतेवाड़ा। बैलाडीला में भूस्खलन के बाद खतरा कम होने के बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है। डिपॉजिट-14 के पहाड़...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए रामगोपाल अग्रवाल ने देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपए पार्टी के लिए लिए। जांच के दौरान अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने का मामला भी सामने आया है।

जमानत के लिए दिया जांच में सहयोग का हवाला

अग्रवाल की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए जमानत की मांग की। उन्होंने दलील दी कि आवेदक जांच में सहयोग कर रहे हैं और हिरासत में लेकर पूछताछ की आवश्यकता अब समाप्त हो चुकी है। ट्रायल में देरी तथा अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने का हवाला देते हुए भी राहत देने की मांग की गई।

वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत याचिका का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि आवेदक संपत्तियों की खरीद के लिए आय का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की बात सामने आई है।

ये खबर भी पढ़ें…
दिन में बिजली खपत बढ़ाने पर जोर, घरेलू उपभोक्ताओं को 50 पैसे प्रति यूनिट तक छूट देने की तैयारी
दिन में बिजली खपत बढ़ाने पर जोर, घरेलू उपभोक्ताओं को 50 पैसे प्रति यूनिट तक छूट देने की तैयारी
रायपुर। प्रदेश के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में बिजली बिल में राहत मिल सकती है। छत्तीसगढ़ पावर...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

दोनों पक्षों की दलीलों और जांच में उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने आदेश में स्पष्ट किया कि इस दौरान की गई टिप्पणियों का मामले के ट्रायल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।