मुंगेली। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की दिशा में मुंगेली जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) के प्रस्तावित हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए ग्राम चंद्रगढ़ी, तहसील पथरिया में 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आबंटित करने के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मंजूरी मिल गई है।
इस फैसले के साथ मुंगेली में बड़े औद्योगिक निवेश का रास्ता साफ हो गया है। यह छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा, जिससे राज्य को आधुनिक भारी मशीन निर्माण उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, उद्यमिता और सहायक उद्योगों के विकास के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
कलेक्टर ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बीईएमएल संयंत्र मुंगेली के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव बनेगा। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की मंजूरी जिले के लिए ऐतिहासिक कदम है, जिससे आधुनिक विनिर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं, उद्यमियों तथा व्यापारियों के लिए विकास के नए अवसर खुलेंगे। आने वाले समय में मुंगेली आधुनिक इंजीनियरिंग और विनिर्माण गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
विशेष प्रयासों से मुंगेली को मिली परियोजना
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर बीईएमएल की परियोजना के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान कंपनी ने मुंगेली जिले में भी उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने पर रुचि दिखाई।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित सर्वेक्षण कर उपयुक्त शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया। विस्तृत परीक्षण के बाद 79.70 एकड़ भूमि औद्योगिक प्रयोजन के लिए उपयुक्त पाई गई। आवश्यक विभागीय अनुमतियां और अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के बाद भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित कर रियायती दर पर बीईएमएल को आबंटित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसे अब मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी है।
रणनीतिक दृष्टि से उपयुक्त स्थान
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र किशोर राजपूत ने बताया कि ग्राम चंद्रगढ़ी, तहसील पथरिया की चयनित 79.70 एकड़ शासकीय भूमि बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है तथा मुख्य सड़क मार्ग से अच्छी तरह जुड़ी हुई है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह स्थान औद्योगिक परियोजना के लिए अत्यंत उपयुक्त माना गया है।
रोजगार के साथ विकसित होगा औद्योगिक इकोसिस्टम
बीईएमएल जैसे प्रतिष्ठित सार्वजनिक उपक्रम की स्थापना से जिले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के हजारों अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा इंजीनियरिंग, मशीन पार्ट्स निर्माण, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सर्विसिंग, फैब्रिकेशन तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को भी नई गति मिलेगी। इससे पूरे क्षेत्र में औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
क्या होता है हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र?
यह ऐसा औद्योगिक संयंत्र होता है, जहां बुलडोजर, एक्सकेवेटर, डंपर, लोडर, क्रेन और अन्य भारी मशीनों का निर्माण किया जाता है। इन मशीनों का उपयोग खनन, सड़क निर्माण, बड़े बांधों, औद्योगिक परियोजनाओं और आधारभूत संरचना के विकास में किया जाता है। संयंत्र में मेटल कटिंग, वेल्डिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम फिटिंग, पेंटिंग, असेंबली और गुणवत्ता परीक्षण जैसी अत्याधुनिक इंजीनियरिंग प्रक्रियाएं अपनाई जाती हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
First Meeting of Task Force on Effective Implementation of Forest Rights Act and PESA Held Under Chief Minister Shri Vishnu Deo Sai’s Chairmanship
First Meeting of Task Force on Effective Implementation of Forest Rights Act and PESA Held Under Chief Minister Shri Vishnu Deo Sai’s Chairmanship
Raipur, August 5, 2026/The first meeting of the apex committee of the task force constituted for the effective implementation of...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.