रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिलहाल सामान्य बना हुआ है, लेकिन 30 अगस्त से प्रदेश में बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और 3 सितंबर को प्रदेश में बारिश का जोर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। इस दिन एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

3 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से 1 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। 2 सितंबर को भी अनेक स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 3 सितंबर को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। बारिश बढ़ने की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा मौसम तंत्र है। उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक मौजूद है। इसके प्रभाव से 30 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।

ये खबर भी पढ़ें…
BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ने कहा—विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत
BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में वित्त मंत्री ने कहा—विकसित भारत के लक्ष्य के लिए स्वस्थ युवा आबादी सबसे बड़ी ताकत
रायपुर, 20 सितम्बर 2026/ वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी आज नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में अच्छी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। कुसमी में सर्वाधिक 75.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा रामानुजगंज में 60.4, भैसमा में 60, कुनकुरी में 55.5, वाड्रफनगर में 52.4, कोरबा में 48.3 और करतला में 48 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में यलो अलर्ट

  • 30 अगस्त: बेमेतरा, बालोद, दुर्ग, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, बलौदाबाजार, रायपुर, जांजगीर, कोरबा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और जशपुर।
  • 31 अगस्त: सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद।