बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक मिल संचालक को अरहर दाल दिलाने के नाम पर 14 लाख 25 हजार रुपए की ठगी का शिकार बना दिया गया। पुलिस ने मामले की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
बिलासपुर के खपरगंज निवासी युसुफ अली भारमल की सिरगिट्टी के इंडस्ट्रियल एरिया में दाल मिल है। कारोबार के दौरान उनकी पहचान मुंबई एपीएम मार्केट स्थित एसएम ट्रेडर्स के मालिक सुरेंद्र मिश्रा से हुई, जिसने खुद को दलहन-दाल का कमीशन एजेंट बताया। इसी बीच उसने प्रिया कॉरपोरेशन, किशोरी लाल ओमप्रकाश, त्रिवेणी इंटरप्राइजेस और लक्ष्मी एग्रो से मिल संचालक को माल दिलवाया।
 
13 फरवरी 2024 को सौदा तय होने के बाद युसुफ ने एडवांस में 4.50 लाख रुपए भेजे। इस दौरान लक्ष्मी एग्रो ने अरहर दाल की जगह पशु आहार भेज दिया। शिकायत करने पर रकम लौटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन इसी बीच जानकारी मिली कि त्रिवेणी इंटरप्राइजेस और एसएम ट्रेडर्स के मालिक दोनों सगे भाई हैं। उन्होंने युसुफ के पैसे से दाल खरीदकर ऊंचे दाम पर एसएम ट्रेडर्स को बेच दिया। न तो दाल भेजी गई और न ही रकम वापस की गई।
 
जब युसुफ ने पैसे लौटाने की मांग की, तो सुरेंद्र मिश्रा ने बहाने बनाकर 2.25 लाख रुपए और ले लिए। लंबे समय तक टालमटोल के बाद जब युसुफ को शक हुआ, तो उन्होंने मुंबई जाकर पड़ताल की, जहां एसएम ट्रेडर्स का ऑफिस बंद मिला। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।