बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और उसे सड़क हादसे का रूप देने के लिए पिकअप वाहन से कुचलवा दिया। वारदात जून 2025 की है, जिसे लंबे समय तक सामान्य सड़क दुर्घटना माना जाता रहा। मृतक की मां द्वारा बहू के कथित प्रेम संबंधों की जानकारी देने के बाद जांच की दिशा बदली और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

13 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चे हैं

पुलिस के मुताबिक मृतक श्रीकांत रवि (40) बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का रहने वाला था। करीब 13 साल पहले उसकी शादी झारखंड के देवीगंज निवासी मनीषा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। जांच में सामने आया कि मोहम्मद हसन रामानुजगंज में मोबाइल की दुकान चलाता था और कुछ समय तक श्रीकांत के घर में किराए पर भी रहा था। इसी दौरान मनीषा और मोहम्मद हसन के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए।

ये खबर भी पढ़ें…
दिन की ED रिमांड खत्म, सतपाल छाबड़ा और उत्कर्ष चंद्राकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
दिन की ED रिमांड खत्म, सतपाल छाबड़ा और उत्कर्ष चंद्राकर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत
रायपुर। DMF और CGPSC घोटाले से जुड़े मामलों में गिरफ्तार दो आरोपियों की पांच दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

अफेयर की जानकारी मिलने पर बढ़ा विवाद

पुलिस के अनुसार, जब श्रीकांत को पत्नी और मोहम्मद हसन के कथित संबंधों की जानकारी मिली तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि मनीषा और उसका प्रेमी साथ रहना चाहते थे। इसके चलते दोनों ने श्रीकांत को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

फोन कर चिनियां बुलाया, रास्ते में कुचल दिया

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन मनीषा ने श्रीकांत को फोन कर झारखंड के चिनियां बुलाया था। श्रीकांत बाइक से चिनियां के लिए निकले थे। इसी दौरान बरवाहा मोड़ के पास पिकअप चालक परवेज अंसारी ने कथित तौर पर जानबूझकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का माना गया था।

हत्या के लिए ऑनलाइन दिए गए 1 लाख रुपए

पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए पिकअप चालक को एक लाख रुपए की सुपारी दी गई थी। यह रकम ऑनलाइन माध्यम से दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। मृतक की मां शांति देवी ने पुलिस को बहू के कथित प्रेम संबंधों की जानकारी दी, जिसके बाद मामले की दोबारा गहन जांच की गई। जांच के दौरान कथित हत्या की साजिश का पर्दाफाश हुआ। झारखंड के रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि साजिश से जुड़े दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है।

ये खबर भी पढ़ें…
थमा मानसून, निकली धूप; अगले 48 घंटे में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार
थमा मानसून, निकली धूप; अगले 48 घंटे में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार
बिलासपुर। लंबे समय तक सक्रिय रहे मानसून के बाद अब बारिश की रफ्तार धीमी पड़ गई है। न्यायधानी बिलासपुर और...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.